अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में किया चुनाव जीतने का दावा

कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता में भय, भ्रष्टाचार, कुशासन और घुसपैठ की जगह विकास, विरासत और गरीब कल्याण की एक मजबूत सरकार बनाने का संकल्प दिखाई पड़ता है। शाह ने दावा किया कि बंगाल विधानसभा के आगामी चुनाव में भाजपा दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज 30 दिसंबर का दिन हम सभी भारतीयों के लिए गौरव का दिन है। आज ही के दिन 1943 में बंगाल की भूमि के सुपुत्र, देश के महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस ने पोर्ट ब्लेयर में पहली बार आजाद भारत का झंडा फहराया था। एक प्रकार से यह हमारी आजादी के संग्राम का एक महत्वपूर्ण मुकाम था। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि टीएमसी के 15 साल के शासन में भय, भ्रष्टाचार, कुशासन और विशेषकर घुसपैठ से बंगाल की जनता भयभीत भी है और आशंकित भी।
हम बंगाल की जनता को आश्वासन देना चाहते हैं और वादा भी करते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के साथ ही यहां की विरासत को पुनर्जीवित करेंगे। विकास की गंगा फिर से बहेगी और गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी जाएगी।
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि 14 वर्षों से भय और भ्रष्टाचार बंगाल की पहचान बने हुए हैं। 15 अप्रैल 2026 के बाद जब बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी, तब हम बंग गौरव, बंग संस्कृति और उसके पुनर्जागरण की शुरुआत करेंगे। हम विवेकानंद, बंकिम बाबू, गुरुदेव टैगोर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों का बंगाल बनाने का प्रयास करेंगे।



