छत्तीसगढ़

मनरेगा कमजोर हुआ तो गांवों की रीढ़ टूट जाएगी, मजदूरों का हक बचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि’ : महेंद्र गंगोत्री

गांधी शहादत दिवस पर सीपत में कांग्रेसियों ने किया सांकेतिक चक्काजाम , धान की पूर्ण खरीदी, खरीदी अवधि बढ़ाने और मजदूरों को रोजगार गारंटी की मांग लेकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहादत दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीपत के तत्वावधान में नवाडीह चौक में जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सांकेतिक चक्काजाम एवं धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान एवं मजदूर वर्ग के लोग शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि धरना मनरेगा योजना को मजबूत बनाए रखने, मजदूरों को रोजगार की गारंटी सुनिश्चित करने तथा किसानों की धान की पूर्ण खरीदी और खरीदी अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर किया गया।

मजदूरों का रोजगार बचाना ही गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि : जिलाध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री

जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा है। यदि इसे कमजोर किया गया तो गांवों में बेरोजगारी और पलायन बढ़ेगा। मजदूरों को समय पर काम और भुगतान मिलना उनका अधिकार है। गांधी जी के शहादत दिवस पर हम संकल्प लेते हैं कि गरीब और किसान की आवाज को दबने नहीं देंगे। उन्होंने धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाने की मांग को किसानों की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा विषय बताया।

नाम बदलाव से मजदूर काम से वंचित, फैसला तुरंत वापस हो , किसानों की पूरी धान खरीदी और समय सीमा बढ़ाना जरूरी : ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र धीवर

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीपत के अध्यक्ष राजेंद्र धीवर ने कहा कि सीपत क्षेत्र के मजदूर और किसान आज अपनी मूलभूत मांगों को लेकर सडक़ पर उतरने को मजबूर हैं। मनरेगा में किए गए नाम बदलाव से कई पात्र मजदूरों को काम नहीं मिल पा रहा है। इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों की धान की पूरी खरीदी और समय सीमा विस्तार जरूरी है ताकि किसी किसान को नुकसान न उठाना पड़े।

धान खरीदी में देरी किसान को कर्ज और संकट में धकेलती है , सरकार तुरंत खरीदी अवधि बढ़ाकर राहत दे : सहकारिता प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष दुबे सिंह कश्यप

सहकारिता प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष दुबे सिंह कश्यप ने कहा कि धान खरीदी की प्रक्रिया किसानों के लिए जीवन-मरण का सवाल है। यदि समय पर खरीदी नहीं हुई तो किसान आर्थिक संकट में फंस जाएगा। सरकार को तुरंत निर्णय लेकर खरीदी अवधि बढ़ानी चाहिए। ‘ उन्होंने सहकारी समितियों को और सशक्त बनाने की भी मांग रखी।

यह फसल नहीं, किसान की सालभर की आजीविका है , किसानों की मेहनत का सम्मान हो : खांडा मंडल अध्यक्ष प्रमोद जायसवाल

किसान नेता व खांडा मंडल अध्यक्ष प्रमोद जायसवाल ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके धान उपजाता है, लेकिन खरीदी में देरी से उसे परेशानी झेलनी पड़ती है। यह केवल आर्थिक नहीं, बल्कि सम्मान का सवाल भी है। किसान को उसकी उपज का पूरा मूल्य और समय पर खरीदी मिलनी चाहिए।

युवा किसान-मजदूर के हक की लड़ाई में पीछे नहीं हटेंगे , जनहित की मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा और तेज : यूथ कांग्रेस कार्यकारी जिलाध्यक्ष सुनील पटेल

यूथ कांग्रेस के जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुनील पटेल ने कहा कि युवा वर्ग मजदूरों और किसानों के साथ मजबूती से खड़ा है। यदि जनहित की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

कांग्रेसियों ने राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

धरना के बाद कांग्रेसियों ने रैली निकालकर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा की उपस्थिति में राज्यपाल के नाम ज्ञापन सीपत नायब तहसीलदार पूनम कन्नौज को सौंपा गया। ज्ञापन में धान खरीदी की समय सीमा 31 जनवरी से आगे बढ़ाने, मनरेगा में किए गए नाम बदलाव की वापसी तथा मजदूरों को रोजगार सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रहे। धरना प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र धीवर, सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दुबे सिंह कश्यप, किसान नेता प्रमोद जायसवाल, यूथ कांग्रेस जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुनील पटेल, मनोज खरे, विजय गुप्ता, धनिदास महंत, घनश्याम नेताम, राजू सूर्यवंशी, राजेश्वर साहू, नन्द कुमार साहू, सीपत यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतेश पनौरे, उमेश कश्यप, दिलीप मननेवार, भागीरथी पोरते, देव सिंह पोरते, नईम बेग, हेमंत जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गांधी शहादत दिवस पर आयोजित यह धरना कार्यक्रम ग्रामीण मजदूरों और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर जनआवाज को बुलंद करने वाला संगठित प्रयास साबित हुआ, जिसमें मनरेगा और धान खरीदी को लेकर स्पष्ट मांगें प्रशासन तक पहुंचाई गईं

Related Articles

Back to top button