
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल रॉय के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुकुल रॉय का सोमवार रात करीब डेढ़ बजे कोलकाता के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में निधन हो गया। वे काफी समय से बीमार चल रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल रॉय के निधन से दुख हुआ। उन्हें अपने राजनीतिक अनुभव और समाज की सेवा के प्रयासों के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवारजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी ने भी मुकुल रॉय के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स’ पोस्ट में लिखा, वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति मिले।
73 वर्षीय मुकुल रॉय का कोलकाता के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। बेटे सुभ्रांशु रॉय ने पुष्टि की कि सोमवार रात करीब 1:30 बजे पिता मुकुल रॉय का निधन हो गया। करीबी सहयोगियों के अनुसार, वे कई स्वास्थ्य समस्याओं के कारण काफी समय से इलाज करा रहे थे, लेकिन इलाज का उन पर कोई असर नहीं पड़ रहा था।



