रायपुर में पानी सप्लाई ठप, नगर निगम ने कहा- मरम्मत के बाद बहाल होगी व्यवस्था
आज देर रात या कल सुबह तक जल आपूर्ति सामान्य हो सकती है

रायपुर। रायपुर में नगर निगम की जल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने से शहर के कई इलाकों भनपुरी, खमतराई, बीरगांव, शंकर नगर सहितत आदि कई क्षेत्रों में कल से पानी की सप्लाई बंद है। अचानक पानी नहीं आने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार मुख्य पाइपलाइन और तकनीकी खराबी के कारण जल आपूर्ति बाधित हुई है। मरम्मत कार्य लगातार जारी है और टीमों को मौके पर लगाया गया है। निगम का कहना है कि काम पूरा होते ही पानी सप्लाई दोबारा शुरू कर दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक शहर के कई वार्डों और कॉलोनियों में पानी की टंकियां खाली हो गई हैं। लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था के लिए टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है। सुबह और शाम के समय सबसे ज्यादा दिक्कत सामने आ रही है।
नगर निगम अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि पानी का उपयोग सावधानी से करें और अनावश्यक बर्बादी से बचें। निगम ने उम्मीद जताई है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आज देर रात या कल सुबह तक जल आपूर्ति सामान्य हो सकती है।



