मध्य प्रदेश

मप्र के रतलाम जिले के पास राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग

आरपीएफ और रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टला

  • 15 मिनट में 68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
    रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पास रविवार सुबह राजधानी एक्सप्रेस में अचानक आग लगने से यात्रियों में हडक़ंप मच गया। हालांकि रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। बी-1 थर्ड एसी कोच में सवार सभी 68 यात्रियों को करीब 15 मिनट के भीतर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
    जानकारी के अनुसार यह घटना पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल अंतर्गत लूनी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच सुबह करीब 5:30 बजे हुई। दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच के नीचे से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पास स्थित एसएलआर लगेज ब्रेक वैन को भी अपनी चपेट में ले लिया।
    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें काफी ऊंची थीं और दूर से दिखाई दे रही थीं। स्थिति गंभीर होते देख ट्रेन गार्ड ने तत्काल लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया। रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ जवानों ने बिना समय गंवाए यात्रियों को दूसरे कोचों में शिफ्ट किया और सुरक्षित बाहर निकाला।

Related Articles

Back to top button