देश / विदेश

राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस पर जमकर बरसे पीएम मोदी

सीवान । बिहार दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस पर जमकर बरसे। इस दौरान पीएम मोदी ने शुक्रवार को सीवान में एक रैली को संबोधित करते हुए लालू यादव के राज की याद दिलाई और कहा कि जिस बिहार ने सदियों तक भारत की प्रगति को नेतृत्व दिया, उसको पंजे और लालटेन के शिकंजे ने पलायन का प्रतीक बना दिया था। पीएम मोदी ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा, मेरे इस विश्वास का कारण बिहार के आप सभी लोगों का सामर्थ्य है। आपने मिलकर बिहार से जंगलराज का सफाया किया है। यहां के हमारे नौजवानों ने तो 20 साल पहले के बिहार की बदहाली सिर्फ किस्सों और कथाओं में ही सुनी है। उन्हें अंदाजा ही नहीं है कि जंगलराज वालों ने बिहार की क्या हालत बना दी थी। जिस बिहार ने सदियों तक भारत की प्रगति को नेतृत्व दिया, उसको पंजे और लालटेन के शिकंजे ने पलायन का प्रतीक बना दिया था। बिहार में रहने वाले हर व्यक्ति के लिए सबसे बड़ी बात होती है उसका स्वाभिमान।
उन्होंने कहा कि मेरे बिहारी भाई-बहन कठिन से कठिन परिस्थिति में काम करके दिखा देते हैं। वो कभी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करते। लेकिन पंजे और लालटेन वालों ने मिलकर बिहार के स्वाभिमान को बहुत ठेस पहुंचाई है। इन लोगों ने ऐसी लूट-खसोट मचाई कि गरीबी बिहार का दुर्भाग्य बन गई। अनेक चुनौतियों को पार करते हुए सीएम नीतीश के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार को विकास की पटरी पर वापस लाई है, और मैं बिहारवासियों को विश्वास दिलाने आया हूं कि हमने भले बहुत कुछ किया हो, करते रहे हैं, करते रहेंगे, लेकिन इतने से शांत होकर रहने वाला मोदी नहीं है। मुझे तो अभी बिहार के लिए और भी बहुत कुछ करना है।

Related Articles

Back to top button