‘एक हाथ में किताब, दूसरे में गुरु का हाथ — तब कोई नहीं रोक सकता सफलता को’ : चंद्रप्रकाश सूर्या
- दर्राभांठा स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, अतिथियों ने विद्यार्थियों को दिए सफलता का मंत्र

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम पंचायत दर्राभाठा में बुधवार को शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और पूजा-अर्चना के साथ की गई, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, पालक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सूर्या ने बच्चों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि हर बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने 11000 करोड़ से बजट बढ़ाकर 59000 करोड़ कर दिया है ताकि कोई भी गरीब, आदिवासी या ग्रामीण बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन 3-4 घंटे ईमानदारी और लगन से पढ़ाई करने की अपील की और संस्कृत श्लोक के माध्यम से विद्या अर्जन की आवश्यकता पर जोर दिया ।
उन्होंने कहा कि पुस्तकस्था तु या विद्या, परहस्तगतम् धनम्। कार्यकाले समुत्पन्ने, न सा विद्या न तद्धनम्। उन्होंने कहा पुस्तक में रखी हुई विद्या और दूसरों के हाथ में गया हुआ धन, समय पडऩे पर किसी काम नहीं आते, इसलिए विद्या को आत्मसात करें। एक हाथ में किताब थामें और दूसरे में गुरु का हाथ — तब कोई आपको सफल होने से नहीं रोक सकता। भाजपा नेता अभिलेश यादव ने कहा कि गांव के बच्चे अब किसी से पीछे नहीं हैं। हमें शिक्षा को सिर्फ परीक्षा पास करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन बदलने का साधन मानना होगा। अभिभावक और शिक्षक मिलकर यदि बच्चों में आत्मविश्वास भरें, तो वे हर ऊंचाई छू सकते हैं।
सरपंच एलन घृतलहरे ने कहा कि विद्यालयों में शाला प्रवेश उत्सव सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि भविष्य की नींव रखने का दिन है। मैं अभिभावकों से अपील करता हूँ कि वे बच्चों की पढ़ाई में लगातार रुचि लें और उन्हें घर पर भी सकारात्मक माहौल दें। कार्यक्रम में अन्य विशेष अतिथियों में जनपद सदस्य भास्कर पटेल, सरपंच एलन घृतलहरे, भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र पटेल, भाजपा नेता अभिलेश यादव, एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, रोज़ घर पर पाठ दोहराने और अच्छे अंक लाने की प्रेरणा दी. कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी बच्चों का पारंपरिक स्वागत तिलक, मिठाई और पुस्तक वितरण के साथ किया गया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शाला विकास समिति अध्यक्ष तुषार चंद्राकर, बलराम पाटनवार, हरिश्चंद्र श्रीवास, अर्जुन शर्मा, रिज बाई नवरंग, धर्मेंद्र राठौर सहित पंचायत प्रतिनिधि व पालकगण बड़ी संख्या में मौजूद थे। कार्यक्रम का कुशल संचालन भारद्वाज सर ने किया।



