मिनी ट्रक पर पलटी आम से लदी लॉरी; 9 की मौत, 12 घायल

अन्नामय्या। आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले में आम से लदा ट्रक हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि अन्नामय्या जिले के रेड्डीचेरुवु के पास आम से लदी एक लॉरी के एक मिनी ट्रक पर पलट जाने से नौ लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। आम से लदे ट्रक पर 20 से ज्यादा लोग सवार थे। दुर्घटना रविवार देर रात हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, यह तब हुआ जब लॉरी का पिछला पहिया रेत में फंस गया और संतुलन खोकर एक मिनी ट्रक पर गिर गया।
अन्नामय्या जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वी विद्यासागर नायडू ने बताया, ट्रक के बाईं ओर पलटने से उस पर बैठे मजदूर गिर गए। 12 घायलों में से चार की हालत गंभीर है। उन्हें कडप्पा जिले के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
शिकायतकर्ता एन. शिव कुमार ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में कहा, तेज गति से गाड़ी चलाने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया। मेरी पत्नी और अन्य लोग वाहन के नीचे फंस गए और उनकी तुरंत मौत हो गई। पुल्लमपेट पुलिस स्टेशन में बीएनएस और मोटर वाहन (एमवी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बचे हुए लोगों ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कल रात अन्नामय्या जिले के पुल्लमपेट मंडल के रेड्डीचेरुवु कट्टा के पास आम से लदी एक लॉरी के पलट जाने से नौ लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से दुर्घटना के कारणों की जानकारी ली।



