भाजपा की जीत पर प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्लीवासियों को दी बधाई

दिल्ली। दिल्ली में भाजपा के जबरदस्त जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया आई है। प्रधानमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि यह जीत विकास की है, सुशासन की है। उन्होंने इसको लेकर एक्स पोस्ट किया है। आपने एक्स पोस्ट में उन्होंने लिखा कि जनशक्ति सर्वोपरि! विकास जीता, सुशासन जीता। उन्होंने लिखा कि दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन! आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार। मोदी ने कहा कि दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे, यह हमारी गारंटी है। इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो। उन्होंने कहा कि मुझे भाजपा के अपने सभी कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात एक कर दिया। अब हम और भी अधिक मजबूती से अपने दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेंगे।



