1.647 किलो हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार

फिरोजपुर। पंजाब में राज्य सरकार द्वारा नशे के खिलाफ छेड़ी गई जंग के तहत ममदोट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गांव जल्लो के में छापेमारी के दौरान तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 1.647 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है। थाना ममदोट के इंस्पेक्टर अभिनव चौहान को सूचना मिली थी कि गांव पौजो का रहने वाला बलविंदर सिंह उर्फ कुलविंदर नशा तस्करी में सक्रिय है और उसने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप मंगवाई है। पुलिस को यह भी पता चला कि वह अपने साथियों के साथ इसे खेतों से उठाने की फिराक में है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापा मारकर बलविंदर सिंह उर्फ कुलविंदर, चरणजीत सिंह उर्फ चन्नो पुत्र देसा सिंह (निवासी गांव पौजो के उतर) और आकाशवीर उर्फ गगन पुत्र प्रीतम सिंह (निवासी बूह गुज्जर, थाना मक्खू) को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
यह कोई पहली घटना नहीं है। गुरुवार को भी सीमावर्ती इलाके से 2.670 किलो हेरोइन के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया था। इससे दो दिन पहले गांव खुंदर हिठाड़ में ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन की खेप पुलिस और बीएसएफ ने बरामद की थी। यह घटनाएं दिखाती हैं कि पंजाब में नशे के खिलाफ जंग अभी भी जारी है और पुलिस-प्रशासन पूरी सख्ती से इसे जड़ से खत्म करने में जुटा हुआ है।



