छत्तीसगढ़

सीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई; मवेशी तस्करों को रंगेहाथ पकड़ा

वाहन समेत 17 मवेशी किए जब्त

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। थाना सीपत पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक स्वराज माजदा वाहन में भरकर ले जाए जा रहे 17 नग मवेशियों (गाय, बछड़ा व बैल) को बरामद किया गया है। मवेशियों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 67 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, वहीं जब्त मवेशियों को स्वास्थ्य परीक्षण उपरांत माँ भुवनेश्वरी गौशाला, ग्राम गतौरा में सुरक्षित रखा गया है। थाना सीपत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झलमला मेन रोड के पास पशु तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्वराज माजदा वाहन क्रमांक सीजी 10 डब्ल्यू 8939 को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में 17 नग मवेशी भरे हुए पाए गए, जिन्हें छत्तीसगढ़ से अन्य राज्य की ओर तस्करी कर ले जाया जा रहा था।
सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल (शहर) और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा सिद्धार्थ बघेल के दिशा निर्देश में थाना प्रभारी सीपत निरीक्षक गोपाल सतपथी के नेतृत्व में त्वरित नाकाबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया। इसमें भारत यादव, पिता – रामफल यादव, उम्र 22 वर्ष व सुरेंद्र यादव, पिता -परमेश्वर यादव, उम्र 19 वर्ष चिल्हाटी निवासी को गिरफ्तार कर उनसे वाहन स्वराज माजदा क्रमांक सीजी 10 डब्लू 8939 व कुल 17 नग मवेशी (गाय, बछड़ा, बैल) अनुमानित कुल कीमत 10,67,000 रुपए जब्त किया गया। उक्त आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम 11(ड) एवं छ.ग. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धाराएं 4, 6, 10 के तहत थाना सीपत में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। सीपत पुलिस की इस तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

टीआई सीपत निरीक्षक गोपाल सतपथी का बयान
हमें मुखबिर से जानकारी मिली थी कि झलमला की ओर से एक वाहन में मवेशियों को तस्करी कर ले जाया जा रहा है। उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल नाकाबंदी की गई और आरोपियों को पकडक़र मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। पशु चिकित्सक की जांच के बाद सभी मवेशियों को गतौरा स्थित गौशाला में सौंपा गया है। ऐसे कृत्य करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button