छत्तीसगढ़

सीपत मंडल को संगठन में नई ताकत; राज्यवर्धन कौशिक और नागेश्वरी साहू को भाजपा ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

सीपत को संगठन में मिला सम्मान, दो नेताओं को उपाध्यक्ष बनाकर दिखाया भरोसा

ग्रामीण भाजपा कार्यकारिणी में सीपत को बड़ी हिस्सेदारी, कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा और रणनीतिक कदम उठाते हुए बिलासपुर जिले के ग्रामीण भाजपा संगठन की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। सोमवार देर रात जारी इस सूची में सीपत मंडल को विशेष महत्व देते हुए दो वरिष्ठ नेताओं—राज्यवर्धन कौशिक और नागेश्वरी साहू—को ग्रामीण भाजपा का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इस अहम जिम्मेदारी के साथ सीपत ने एक बार फिर संगठन में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। पूर्व मंडल अध्यक्ष राज्यवर्धन कौशिक और भाजपा की समर्पित नेत्री नागेश्वरी साहू की नियुक्ति की खबर मिलते ही क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में हर्ष और गर्व का माहौल बन गया। दोनों नेताओं ने पार्टी नेतृत्व का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा जताए गए विश्वास को पूर्ण निष्ठा और समर्पण से निभाएंगे। उनका लक्ष्य अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को जोड़ते हुए भाजपा की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाना रहेगा।

सीपत को क्यों मिला तवज्जो?
सीपत मंडल वर्षों से भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है। यहां कार्यकर्ताओं की निष्ठा, संगठनात्मक सक्रियता और जनसमर्थन हमेशा उल्लेखनीय रहा है। यही वजह है कि पार्टी ने यहां से दो वरिष्ठ चेहरों को नेतृत्व में स्थान दिया है।

संगठन में नया भूगोल, नई ऊर्जा

भाजपा द्वारा बिलासपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र का संगठनात्मक पुनर्गठन किया गया है। मस्तूरी, बेलतरा और कोटा विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर अब नया भाजपा ग्रामीण जिला अस्तित्व में आया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार यह पुनर्गठन केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि संगठनात्मक मजबूती की दिशा में दूरदर्शी कदम है। आगामी चुनावों को देखते हुए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग रणनीति के साथ काम करने के उद्देश्य से यह ढांचा तैयार किया गया है।

सीपत मंडल की अहम भूमिका को मिली मान्यता:

सीपत मंडल का राजनीतिक इतिहास संगठन में प्रभावशाली रहा है। बूथ से लेकर मंडल स्तर तक भाजपा को मज़बूत बनाने में इस क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही है। ऐसे में दो कद्दावर नेताओं को जिला उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने को संगठन में सीपत की बढ़ती साख के रूप में देखा जा रहा है। निस्संदेह, यह नियुक्ति न केवल स्थानीय नेतृत्व को नई ऊर्जा देगी, बल्कि पूरे ग्रामीण जिले में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करेगी। कार्यकर्ताओं का उत्साह और विश्वास स्पष्ट रूप से दिखाता है कि आने वाले दिनों में सीपत मंडल पार्टी की जमीनी ता$कत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Back to top button