
तमिलनाडु। करूर जिले में एक्टर से राजनेता बने थलापति विजय की तमिलागा वेत्री कझगम की रैली शोक सभा में बदल गई। भीड़ की भारी संख्या के कारण भगदड़ मचने से 39 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 16 से ज्यादा महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। 70 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें करूर के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पीएम मोदी समेत कई राजनीतिक नेताओं ने शोक जताया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं इस कठिन समय में उन्हें शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
इस हादसे पर सीएम एमके स्टालिन ने कहा कि ये काफी चिंताजनक हैं। वहीं, सुपरस्टार रजनीकांत ने कहा, करूर में निर्दोष लोगों की जान जाने की खबर हृदयविदारक और बेहद दर्दनाक है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के प्रति संवेदना है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को तमिलनाडु में भगदड़ में हुई जन हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया। शाह ने ‘एक्स’ पर एक बयान में कहा, तमिलनाडु के करूर में हुई भगदड़ में लोगों की मौत से अत्यंत दु:खी हूं। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली में हुई दुखद घटना से मैं बेहद दुखी हूं, जिसमें कई अनमोल जानें चली गईं। मैं उनके प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। कांग्रेस सांसद ने कहा, मैं पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से आग्रह करता हूं कि वे पीडि़तों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करें और राहत एवं बचाव कार्यों में अधिकारियों के साथ मिलकर काम करें।



