मध्य प्रदेश

कार्बाइड गनों की ऑनलाइन बिक्री पर अब सख्ती

भोपाल। 150 से अधिक बच्चों की आखों की रोशनी जाने के बाद अब कार्बाइड गनों की अवैध बिक्री और उपयोग पर सख्त रुख अपनाया जा रहा है।
भोपाल पुलिस ने अब ई-कामर्स कंपनियों को पत्र लिखने की तैयारी की है, जिसमें इन खतरनाक पटाखा गनों की आनलाइन बिक्री पर तुरंत रोक लगाने के निर्देश दिए जाएंगे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खतरनाक इस गन की बिक्री पर रोक लगी है और अलग-अलग थानों में केस दर्ज भी किए जा चुके हैं, लेकिन इन्हीं प्रतिबंधित गनों की ऑनलाइन बिक्री भी धड़ल्ले से चल रही है, जिस पर लगाम लगाने के लिए पत्र लिखेंगे।
पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र ने कहा कि प्रमुख ई-कामर्स वेबसाइटों को पत्र लिखकर सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी प्रकार से भोपाल में यह गन लोगों तक न पहुंचे।

अलग-अलग इलाकों में हुई कार्रवाई

बता दें भोपाल में अब तक कार्बाइड गन बेचने और रखने के पांच मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इन कार्रवाइयों में 74 कार्बाइड गन और करीब 11.5 किलो विस्फोटक जब्त किया गया है। वहीं, दो आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई शहर के पांच अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई, जहां आरोपित ये गन बेचने की फिराक में थे।
दरअसल, कार्बाइड गन एक तरह की पटाखा गन होती है, जो कैल्शियम कार्बाइड और पानी के रासायनिक मिश्रण से तेज धमाका करती है। यह दिखने में खिलौना जैसी लगती है, लेकिन इसका विस्फोटक प्रभाव खतरनाक होता है।

Related Articles

Back to top button