बिहार चुनाव- पहले चरण में 60.13′ वोटिंग दर्ज

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 121 सीटों पर संपन्न हुआ, जहाँ शाम 5 बजे तक 60.13′ वोटिंग दर्ज की गई। यह आंकड़ा बिहार के चुनावी इतिहास में एक महत्वपूर्ण वृद्धि का संकेत दे रहा है। इस चरण ने तेजस्वी प्रसाद यादव, सम्राट चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेताओं के राजनीतिक भविष्य को ईवीएम में कैद कर दिया है, जिसकी मतगणना 14 नवंबर को होगी।
बिहार विधानसभा के पहले चरण के लिए 18 जिलों के 121 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान शाम 6 बजे संपन्न हो गया। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, बिहार राज्य के इतिहास में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत हासिल करने की ओर अग्रसर है। हालांकि, अभी आंकड़े शाम पांच बजे तक के ही आए हैं। भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए शाम 5:00 बजे तक 60.13 प्रतिशत मतदान हुआ है।
18 जिलों में से, बेगूसराय में सबसे अधिक 67.32 प्रतिशत मतदान हुआ, उसके बाद गोपालगंज में 64.96 प्रतिशत और मुजफ्फरपुर में 64.63 प्रतिशत मतदान हुआ। पटना जिले में 55.02 प्रतिशत मतदान हुआ। लखीसराय जिले में 62.76 प्रतिशत मतदान हुआ, उसके बाद मधेपुरा में 65.74 प्रतिशत मतदान हुआ। आज शाम पांच बजे तक भोजपुर जिले में 53.24 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद बक्सर में 55.10 प्रतिशत, दरभंगा में 58.38 प्रतिशत, खगडिय़ा में 60.65 प्रतिशत, मुंगेर में 54.90 प्रतिशत, नालंदा में 57.58 प्रतिशत, सहरसा में 62.65 प्रतिशत, समस्तीपुर में 66.65 प्रतिशत, सारण में 60.90 प्रतिशत, शेखपुरा में 52.36 प्रतिशत, सीवान में 57.41 प्रतिशत और वैशाली में 59.45 प्रतिशत मतदान हुआ।
प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों में, राघोपुर में 64.01 प्रतिशत, महुआ में 54.88 प्रतिशत, अलीनगर में 58.05 प्रतिशत, तारापुर में 58.33 प्रतिशत, लखीसराय में 60.51 प्रतिशत, छपरा में 56.32 प्रतिशत, बांकीपुर में लगभग 40 प्रतिशत, फुलवारी में 62.14 प्रतिशत, रघुनाथपुर में 51.18 प्रतिशत, सीवान में 57.38 प्रतिशत और मोकामा में 62.16 प्रतिशत मतदान हुआ। पहले चरण में राजद के तेजस्वी प्रसाद यादव, भाजपा नेता सम्राट चौधरी और मंगल पांडे और जदयू के श्रवण कुमार और विजय कुमार चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेताओं के भाग्य का फैसला होगा। तेज प्रताप यादव भी पहले चरण में मैदान में हैं।



