मध्य प्रदेश

57 वर्षीय हथिनी ने जुड़वा शावकों को दिया जन्म

पन्ना। मध्य प्रदेश स्थित पन्ना टाइगर रिजर्व इन दिनों उत्साह से भरा है। वजह है 57 वर्ष की बुजुर्ग मादा हथिनी अनारकली, जिसने 21 नवंबर 2025 को जुड़वा मादा शावकों को जन्म देकर इतिहास रच दिया। दोनों शावकों के जन्म में करीब 3 घंटे 30 मिनट का अंतर रहा। यह पहला मौका है जब मध्यप्रदेश में किसी हथिनी ने जुड़वा शावकों को जन्म दिया है।
हाथियों में जुड़वा जन्म बेहद कम देखे जाते हैं। वन विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे मामले सामान्यत: एक प्रतिशत से भी कम होते हैं। इसी कारण पन्ना में हुई यह घटना वैज्ञानिकों और वन्यजीव संरक्षण टीम के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। अधिक उम्र की हथिनियों में गर्भधारण और प्रसव और भी चुनौतीपूर्ण होता है, इसलिए अनारकली का सुरक्षित प्रसव वन्यजीव स्वास्थ्य प्रबंधन की क्षमता को भी दर्शाता है।
रिजर्व प्रबंधन की शुरुआती जानकारी के अनुसार अनारकली और दोनों शावक स्वस्थ हैं। उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है ताकि शुरुआती दिनों में उनके व्यवहार, दूधपान, चलने की क्षमता और वजन में बढ़ोतरी का ठीक से आकलन हो सके। टीम ने बताया कि दोनों शावक एक जैसा व्यवहार दिखा रहे हैं और अनारकली उन्हें लगातार अपनी निगरानी में रख रही है।

Related Articles

Back to top button