एनटीपीसी सीपत की संगवारी महिला समिति ने 436 विद्यार्थियों को स्वेटर वितरण कर ठंड से राहत दी
समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए शिक्षा में उत्कृष्टता और सपनों को साकार करने की अपील: शिखा मंडल

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। एनटीपीसी सीपत की संगवारी महिला समिति ने अपने सामाजिक कार्यों के तहत एक बेहतरीन पहल की शुरुआत करते हुए 436 विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए। यह वितरण कार्यक्रम सीपत, बाजारपारा, नवाडीह, जांजी और कर्रा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के बीच आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ठंड से बच्चों को राहत देना और उन्हें स्वस्थ रखने के साथ ही शिक्षा के प्रति प्रेरित करना था। स्वेटर वितरण समारोह में संगवारी महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती शिखा मंडल, वरिष्ठ सदस्य श्रीमती शर्मिष्ठा सिन्हा, और समिति की अन्य सदस्यों की उपस्थिति रही। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी इसमें सहभागिता रही, जिनमें सीपत सरपंच श्रीमती मनीषा योगेश वंशकार , कर्रा सरपंच श्रीमती जयंती संजय पटेल और जांजी सरपंच राजेंद्र पाटले , जांजी उपसरपंच प्रदीप यादव के अलावा जनपद सभापति मनोज खरे , सीपत कन्या संकुल शैक्षिक समन्वयक प्रमोद कुमार पांडेय भी उपस्थित रहे।
हमारा उद्देश्य केवल ठंड से राहत देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सर्वांगीण विकास की दिशा में प्रेरित करना है :मंडल
इस अवसर पर श्रीमती शिखा मंडल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे लिए यह केवल एक वितरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी को निभाने का एक तरीका है। हम चाहते हैं कि आप सब शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करें और जीवन के हर क्षेत्र में अपने सपनों को साकार करें। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे जीवन में निरंतर प्रयासरत रहें और अपने उज्जवल भविष्य की ओर कदम बढ़ाते रहें। उन्होंने सभी को जीवन में सफलता की शुभकामनाएं भी दीं। संगवारी महिला समिति की यह पहल केवल ठंड के मौसम में बच्चों को शारीरिक राहत देने तक सीमित नहीं है, बल्कि समिति की शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है संगवारी महिला समिति का उद्देश्य केवल भौतिक मदद तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देना है।



