
भोपाल। अप्रैल के अंतिम दिनों में मध्यप्रदेश सहित छत्तीसगढ़ भी भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। तापमान लगातार बढऩे से हालात ऐसे हो गए हैं कि दोपहर में घर से निकलना मुश्किल हो गया है। कई जिलों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे प्रदेश के कई इलाके ‘हीट जोन’ में बदलते नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए 23 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। इनमें अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, धार, उज्जैन, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, रीवा, मऊगंज, सतना, उमरिया, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी शामिल हैं।
प्रदेश के अधिकांश जिलों में दोपहर के समय तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि खजुराहो 43.9 डिग्री के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। रतलाम और नौगांव में भी तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया।
तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। सडक़ों पर आवाजाही कम हो गई है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है, ऐसे में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।



