मानसून सत्र से पहले पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर कसा तंज
पिछले एक महीने में देश ने अनेक सिद्धियां प्राप्त की

नई दिल्ली। मानसून सत्र आज दिनांक 20 जुलाई से प्रारंभ हुआ। मानसून सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले एक महीने में भारत को हासिल हुई उपलब्धियों की बात की है। संसद के बाहर अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक महीने में देश ने अनेक सिद्धियां प्राप्त की हैं। देशवासी गर्व से भर जाएं, इस प्रकार की सिद्धियों का सिलसिला चला है। इस दौरान, पीएम मोदी ने इशारों में राहुल गांधी पर भी तंज कसा।
पीएम मोदी ने कहा, मानसून का अभी कुछ लाभ नजर आ रहा है और मानसून सत्र भी शुरू हो रहा है। मानसून हो या मानसून सत्र, दोनों सक्रिय हैं तो बहुत ही फायदेमंद होते हैं। दोनों जब फायदेमंद होते हैं तो देश और जीव मात्र का कल्याण होता है। हम प्रार्थना करते हैं कि मानसून सक्रिय और फायदेमंद बना रहे, और मानसून सत्र भी फायदेमंद साबित हो। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने में देश ने अनेक सिद्धियां प्राप्त की हैं। देशवासी गर्व से भर जाएं, इस प्रकार की सिद्धियों का सिलसिला चला है।



