छत्तीसगढ़

एनईपी 2020 के तहत परीक्षा तिथि में अव्यवस्था से उबाल, शुक्ल कॉलेज में छात्रों ने प्राचार्य कक्ष का किया घेराव

परीक्षा शुरू होने के बाद बदली समय-सारणी से नाराज़ विद्यार्थियों का आरोप, भविष्य से हो रहा खिलवाड़, समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा उग्र

सीपत (हिमांशु गुप्ता) । अटल बिहारी वाजपाई विश्वविद्यालय, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) द्वारा नई शिक्षा नीति (एनईपी 2020) के अंतर्गत संचालित परीक्षाओं की तिथियों में बार-बार किए जा रहे बदलाव को लेकर शासकीय मदन लाल शुक्ल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीपत में विद्यार्थियों का आक्रोश फूट पड़ा। परीक्षा प्रारंभ होने के बाद विश्वविद्यालय द्वारा नई समय-सारणी जारी किए जाने से छात्र-छात्राओं में भारी असंतोष व्याप्त है। इसी के विरोध में छात्र नेताओं के नेतृत्व में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
छात्रों का कहना है कि परीक्षा शुरू होने के बाद समय-सारणी में अचानक परिवर्तन करना विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, तैयारी और भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। जब इस संबंध में विद्यार्थियों ने महाविद्यालय प्रशासन से स्पष्ट जानकारी और समाधान की मांग की, तो प्रशासन की ओर से यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया गया कि यह समस्या विश्वविद्यालय स्तर की है और इसका समाधान कॉलेज प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। प्रशासन के इस गैर-जिम्मेदाराना जवाब से नाराज़ छात्रों ने विश्वविद्यालय से शीघ्र स्पष्ट, स्थायी और लिखित समाधान की मांग की।
साथ ही चेतावनी दी कि यदि परीक्षा तिथि संबंधी समुचित जानकारी समय रहते सभी परीक्षार्थियों को उपलब्ध नहीं कराई गई, तो छात्र संगठन आगामी दिनों में और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस विरोध प्रदर्शन में छात्र नेता प्रशांत यादव, मिथलेश श्रीवास, विकास पटेल, विनय यादव, आदर्श शर्मा, दीपक राठौर, दीपक साहू, आयुष पटनवार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button