देश / विदेश

आप छोडऩे वाले सातों सांसद बने भाजपा के राज्यसभा सांसद

नई दिल्ली। देश की संसदीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव सामने आया है। राज्यसभा सचिवालय द्वारा सोमवार को जारी की गई जानकारी में आम आदमी पार्टी के सात पूर्व नेताओं के नाम आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसदों के रूप में शामिल दिखाई दिए हैं। गौरतलब है कि राघव चड्ढा समेत राज्यसभा के सात सांसदों ने आम आदमी पार्टी को छोडक़र भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया था।
अब राज्यसभा ने सदन में हर दल की पार्टी वार स्थिति जारी की है। यह राज्यसभा सचिवालय द्वारा जारी की गई यह सूची बताती है कि 24 अप्रैल 2026 तक की स्थिति के अनुसार जहां भाजपा सांसदों की संख्या 113 हो गयी है, वहीं आम आदमी पार्टी के सांसदों की संख्या 10 से घटकर 3 रह गई है। राज्य सभा सचिवालय द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार डॉ. अशोक कुमार मित्तल, राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, संदीप कुमार पाठक, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजिंदर गुप्ता के नाम भाजपा सांसदों की सूची में दर्ज हैं। इन नामों के शामिल होने से राज्यसभा में भाजपा की संख्या बढक़र 113 हो गई है, जिससे उसकी स्थिति और मजबूत हो गई है।
नामित सदस्यों की संख्या 7 बताई गई है। राज्यसभा की यह ताजा सूची उच्च सदन में बदलते राजनीतिक समीकरणों की स्पष्ट तस्वीर पेश करती है। खासकर आप के पूर्व नेताओं का भाजपा की सूची में शामिल होना आने वाले समय में राष्ट्रीय राजनीति पर असर डाल सकता है और संसद के भीतर शक्ति संतुलन को नए सिरे से परिभाषित कर सकता है।

Related Articles

Back to top button