देश / विदेश

हरदोई के पर्वतारोही अभिनीत मौर्य ने माउंट केन्या पर फहराया तिरंगा

स्थापित किया नया कीर्तिमान

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही अभिनीत मौर्य ने अफ्रीका की दूसरी सबसे ऊंची चोटी माउंट केन्या पर तिरंगा फहराकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। माउंट केन्या की चोटी पर भारतीय ध्वज फहराने वाले वह पहले भारतीय पर्वतारोही बन गए हैं।
इस अद्भुत उपलब्धि के साथ उन्होंने अपने गांव, जिले और देश का नाम रोशन किया है। यह सफर उनकी कड़ी मेहनत, साहस और देश के प्रति समर्पण का प्रतीक बन गया है।
अभिनीत मौर्य ने 26 फरवरी को दिल्ली से नैरोबी के लिए उड़ान भरी थी। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने माउंट केन्या नेशनल पार्क में चढ़ाई के लिए अनुमति ली और 27 फरवरी को चढ़ाई की शुरुआत की। पर्वतारोहण के दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और 1 मार्च की सुबह 7:20 बजे माउंट केन्या की चोटी पर भारतीय तिरंगा फहरा दिया।
इससे पहले अभिनीत मौर्य ने अफ्रीका के सबसे ऊंचे पर्वत किलिमंजारो और माउंट एवरेस्ट जैसी चोटियों पर भी भारतीय ध्वज फहराया था। माउंट केन्या की चढ़ाई को भी उन्होंने पूरी साहसिकता और दृढ़ता के साथ सफलतापूर्वक पूरा किया। इस चढ़ाई के दौरान उन्होंने प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए एक बैनर भी फहराया, जिससे उन्होंने प्रकृति की रक्षा की महत्ता को लोगों के सामने रखा।

Related Articles

Back to top button