मध्य प्रदेश

भारी बारिश से बागेश्वर धाम में विश्राम गृह की दीवार गिरी, एक श्रद्धालु की मौत

छतरपुर । मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में भारी बारिश की वजह से बागेश्वर धाम में एक बड़ा हादसा हुआ। कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के आश्रम में एक पुरानी इमारत की दीवार गिर गई। इस हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए। यह हादसा मंगलवार सुबह उस समय हुआ जब सभी लोग उस इमारत में ठहरे हुए थे। जो दीवार गिरी, वह बागेश्वर धाम में एक धर्मशाला (रेस्ट हाउस) की थी, जहां श्रद्धालुओं को न्यूनतम शुल्क पर रात्रि विश्राम की सुविधा मिलती है। जब यह दुखद हादसा हुआ, तब श्रद्धालु सो रहे थे और मलबे के नीचे दब गए।
हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को छतरपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई।
मृतक महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की रहने वाली अनीता देवी (40) के रूप में हुई है। वह सोमवार को पूजा-अर्चना करने बागेश्वर धाम पहुंची थीं।
छतरपुर के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरपी गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि करीब 12 लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। इनमें से एक मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई।

Related Articles

Back to top button