छत्तीसगढ़

कौडिय़ा पूर्व सरपंच श्रीवास्तव पर हमला करने वाला बदमाश आखिरकार गिरफ्तार, 2 साल से पुलिस को दे रहा था चकमा

सीपत पुलिस को मिली बड़ी सफलता, तीन स्थायी वारंट व आगजनी, मारपीट जैसे गंभीर मामलों में था फरार आरोपी

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। थाना सीपत पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात गुंडा बदमाश राजकुमार केवट को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर ग्राम कौडिय़ा के पूर्व सरपंच धर्मेंद्र श्रीवास्तव के घर में घुसकर हमला करने, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और घर में आगजनी करने का गंभीर आरोप है। इसके अलावा आरोपी ने ग्राम कौडिय़ा निवासी बजरंग राठौर के साथ भी मारपीट, गाली-गलौज, तोडफ़ोड़ और धमकी देने जैसी घटनाएं की थीं। इन मामलों में अपराध पंजीबद्ध होने के बाद भी आरोपी लगातार फरार था।
आरोपी के विरुद्ध माननीय न्यायालय से तीन स्थायी वारंट जारी थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और गुंडा बदमाशों पर सख्त कार्रवाई की जारी मुहिम के तहत थाना प्रभारी सीपत गोपाल सतपथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को उसके घर से दबोच लिया। आरोपी राजकुमार केवट पिता घनाराम केवट, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम कौडिया (गौटियापारा) की गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी गोपाल सतपथी का बयान

आरोपी राजकुमार केवट लंबे समय से फरार चल रहा था। इस पर गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। लगातार उसकी पतासाजी की जा रही थी और आखिरकार मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली। पुलिस की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है और गुंडा-बदमाशों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button