छत्तीसगढ़

वैदिक कॉलेज ने मंजूरपहरी में लगाया शिविर

संविधान की शपथ और रचनात्मक प्रस्तुतियों से गूंज रहा सात दिवसीय शिविर

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। वैदिक महाविद्यालय सीपत की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम मंजूरपहरी में 25 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद एवं मां शारदे के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर की गई, जिसमें सरपंच श्रीमती उषा देवी मरावी, सरपंच प्रतिनिधि मिलन सिंह मरावी, उपसरपंच, पंचगण, शिक्षक पारकर सर सहित ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शिविर के दूसरे दिन प्रात:काल शिविरार्थी छात्रों ने प्रभातफेरी निकालकर ग्राम भ्रमण किया।


इस दौरान रासेयो अधिकारी रामेश्वर साहू, सहायक रासेयो अधिकारी आकांक्षा भारती एवं सहायक प्राध्यापक रविशंकर यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों से संवाद कर उनकी सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी एकत्र की गई। संविधान दिवस के अवसर पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को स्मरण करते हुए पंचायत प्रतिनिधियों, हाईस्कूल, मिडिल, प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली। सरपंच प्रतिनिधि मिलन सिंह मरावी ने कहा कि एनएसएस शिविर युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करता है। संविधान की शपथ लेकर विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया है कि वे देश के लोकतांत्रिक मूल्यों के रक्षक बनेंगे। संस्था सचिव अशोक श्रीवास ने कहा कि वैदिक महाविद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व भी सिखाना है। यह शिविर ग्रामीण विकास, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और नैतिक मूल्यों के प्रचार का सशक्त माध्यम है। रासेयो अधिकारी रामेश्वर साहू ने कहा कि एनएसएस का मुख्य उद्देश्य छात्रों को समाज सेवा से जोडक़र उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना है। ग्राम स्तर पर शिविर लगाकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और शैक्षणिक चेतना को बढ़ावा देना हमारा प्रमुख लक्ष्य है। रात्रिकालीन कार्यक्रम में शिविरार्थी छात्रों द्वारा देशभक्ति गीत, नाटक, नृत्य एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनका ग्रामीणों ने भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम का संचालन संस्था सचिव अशोक श्रीवास ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, विद्यार्थी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

एनएसएस शिविर का उद्देश्य

ग्रामीणों में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना , युवाओं में सेवा भावना व नेतृत्व क्षमता विकसित करना , संविधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाना , पर्यावरण संरक्षण व सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना , ग्रामीण समस्याओं का प्रत्यक्ष अध्ययन कर समाधान की दिशा देना , 112 , 102 , 108 का उपयोग इत्यादि।

Related Articles

Back to top button